असम, केरलम और पुद्दुचेरी में विधानसभा चुनावों तथा तीन राज्यों में चार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के उपचुनावों का मतदान कल शान्तिपूर्वक संपन्न हुआ। निर्वाचन आयोग के अनुसार असम में 85.38 प्रतिशत और पुद्दुचेरी में 89.83 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों राज्यों ने अपने विधानसभा चुनाव इतिहास का सबसे अधिक मतदान दर्ज किया। केरलम में मतदान प्रतिशत 78 .03 प्रतिशत रहा।
कर्नाटक की बागलकोट सीट के उपचुनाव में 68.70 प्रतिशत और दावणगेरे दक्षिण में 68.55 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। नागालैंड के कोरिडांग में 82.21 प्रतिशत और त्रिपुरा के धर्म नगर में 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. एस. एस. संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ लाइव वेबकास्टिंग के जरिए मतदान प्रक्रिया की निगरानी की। इन क्षेत्रों में पहली बार सभी मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी।
इस बार ईवीएम बैलट पेपर पर उम्मीदवारों के रंगीन चित्र, मोबाइल जमा करने की सुविधा, रिडिजाइन की गई मतदाता सूचना पर्चियों तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की निर्धारित सीमा सहित मतदाता अनुकूल कई प्रबंध किए गये हैं।