अब तक के चुनाव परिणामों और रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ती दिख रही है।
रुझानों में भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। विधानसभा चुनाव की मतगणना में अभी तक पांच सीटों के परिणाम मिल गए हैं। तीन सीटें कांग्रेस ने और दो भाजपा ने जीती हैं। फरीदाबाद सीट पर भाजपा उम्मीदवार विपुल गोयल ने कांग्रेस उम्मीदवार लखन कुमार सिंगला को हराया। कांग्रेस उम्मीदवार शीशपाल केहरवाला ने कलावली सीट पर भाजपा उम्मीदवार को 21 हजार से अधिक वोटों से पराजित किया। नूह सीट पर कांग्रेस के आफताब अहमद ने इंडियन नेशनल लोकदल के ताहिर हुसैन को 46 हजार से अधिक वोटों से हराया। पुनहाना सीट कांग्रेस के मोहम्मद इलियास ने जीती है।
शेष 85 सीटों के रुझान इस प्रकार हैं:
भारतीय जनता पार्टी – 47 सीट
इंडियन नेशनल कांग्रेस – 31 सीट
इंडियन नेशनल लोकदल – 01 सीट
बहुजन समाज पार्टी – 01 सीट
हरियाणा लोकहित पार्टी – 01 सीट
निर्दलीय – 04 सीट
राज्य के 22 जिलों में 90 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए पांच अक्टूबर को मतदान हुआ था। एक हजार 31 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।