अप्रैल 3, 2026 9:10 अपराह्न

printer

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रचार तेज

असम, पुडुचेरी, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार तेज़ हो गया है।

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज शाम पुद्दुचेरी में एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया। एक किलोमीटर से अधिक लंबे रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री ने एक खुली गाड़ी में सवार होकर जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के. पी. रामलिंगम और गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम प्रधानमंत्री के साथ थे।

रोड शो में बडी संख्‍या में लोगों ने उत्‍साहपूर्वक प्रधानमंत्री का स्‍वागत किया। इस दौरान सुरक्षा व्‍यवस्‍था के लिए डेढ हजार पुलिस कर्मियों के साथ अर्धसैनिक बल तैनात थे। रोड शो के बाद प्रधानमंत्री  चेन्नई के लिए रवाना हो गए।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कल अलाप्पुझा में UDF के चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे कट्टप्पना और कुन्नाथुनाड में भी कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

CPM के महासचिव एम. ए. बेबी कल कोट्टायम ज़िले में और रविवार को तिरुवनंतपुरम ज़िले में LDF के विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।