सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी चार दिन की ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर आज रवाना होंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा सहयोग और मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच आपसी तालमेल को सुदृढ़ करना है। इस दौरान, सेना प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। इसके अंतर्गत प्रशिक्षण, संयुक्त अभ्यास, पेशेवर आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण सहित सैन्य गतिविधियों को बढ़ाने पर बातचीत होगी।
जनरल द्विवेदी ऑस्ट्रेलियाई रक्षा महाविद्यालय के कमांडर से भी बातचीत करेंगे। वे ऑस्ट्रेलियाई कमान और स्टाफ महाविद्यालय में अधिकारियों को संबोधित करेंगे। यह यात्रा रक्षा सहयोग और बढ़ाने तथा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा में संयुक्त रूप से योगदान देने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है।