मार्च 25, 2026 8:34 पूर्वाह्न

printer

आंध्र प्रदेश: एनटीआर जिला पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में तीन व्यक्तियों को किया गिरफ्तार

प्रभारी पुलिस आयुक्त सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने सूचित किया है कि आंध्र प्रदेश की एनटीआर जिला पुलिस ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से चरमपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने और गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों की पहचान मोहम्मद रहमतुल्लाह शरीफ, मोहम्मद दानिश और मिर्जा साहिल के रूप में हुई है। इन्हें विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई जांच के बाद गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ विजयवाड़ा के टू टाउन पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां कानून की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामले दर्ज किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये तीनों गुप्त ऑनलाइन समूह चला रहे थे और युवाओं को प्रभावित करने और भर्ती करने के उद्देश्य से चरमपंथी सामग्री का प्रसार कर रहे थे। आरोपियों के कथित रूप से विदेशों में कुछ व्यक्तियों से संपर्क होने और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों में शामिल होने का भी संदेह है।

पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। तीनों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

नेटवर्क में अन्य संभावित कड़ियों की छानबीन जारी है। पुलिस ने अभिभावकों को अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला