आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कल लघु जागरूकता फिल्मों की एक श्रृंखला का अनावरण किया है। ये फिल्म साइबर और वित्तीय अपराधों के बारे में जनता को जागरूक करने के लिए विशाखापत्तनम नगर पुलिस ने बनाई हैं। इनका प्रदर्शन कल अमरावती के राज्य सचिवालय में जिला अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के एक सम्मेलन के दौरान किया गया।
विशाखापत्तनम पुलिस ने 24 लघु फिल्में बनाई हैं, जिनमें डिजिटल गिरफ्तारी घोटालों सहित विभिन्न प्रकार के 24 साइबर और वित्तीय अपराधों की कार्यप्रणाली को समझाया गया है। मुख्यमंत्री ने जन जागरुकता के लिए इस अभियान की सराहना की।इस अवसर पर गृह मंत्री वी. अनीता, पुलिस महानिदेशक हरीश कुमार गुप्ता और मुख्य सचिव के. विजयानंद साई प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।