आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के सभी क्षेत्रों के विकास के लिए जल सुरक्षा के महत्व पर बल दिया है। सिंचाई अधिकारियों और जल उपयोगकर्ता संघों के साथ एक टेलीकांफ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कल से पूरे राज्य में ‘जल सुरक्षा उत्तरदायित्व कार्यक्रम’ लागू किया जाएगा।
कल अनंतपुर ज़िले के ताडिपत्री से चार चरणों में औपचारिक रूप से शुरू की जाने वाली सौ-दिवसीय ‘जल सुरक्षा कार्य योजना’, जल संरक्षण और संसाधनों की सुरक्षा पर केंद्रित होगी। इसमें सिंचाई संघों की अहम भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राज्य को सूखा-मुक्त बनाना है, ताकि गर्मियों और मॉनसून के मौसम में पर्याप्त भूजल स्तर बना रहे।
श्री चंद्रबाबू नायडू ने वैज्ञानिक योजना बनाने के लिए उपग्रह से लिए गए चित्रों और हाइड्रोलॉजिकल मैपिंग के उपयोग पर बल देते हुए सिंचाई संघों को ‘जल बजट’ तैयार करने तथा ‘जल लेखा परीक्षा करने का निर्देश भी दिया।