पंजाब में अप्रवासी मामलों के मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा है कि पंजाब के लोगों को विदेश जाने के लिए अवैध तरीके न अपनाने के प्रति जागरूक करने के लिए राज्य में जल्द ही जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा।
हाल ही में अमरीका से 104 भारतीयों को वापस भेजे जाने के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है। इनमें से 30 लोग पंजाब से थे।
हमारे जालंधर संवाददाता से विशेष बातचीत में श्री धालीवाल ने कहा कि सरकार पहले से ही सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है, लेकिन साथ ही लोगों को खुद भी यह समझना चाहिए कि विदेश जाने के लिए अवैध तरीकों का इस्तेमाल करने के क्या परिणाम हो सकते हैं।