गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रायपुर हवाई अड्डे पर श्री शाह का स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान श्री शाह राज्य में आंतरिक सुरक्षा स्थिति और वामपंथी उग्रवाद की समीक्षा करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री शाह आज शाम रायपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में राज्य से संबंधित कई प्रशासनिक और सुरक्षा मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्री कल रायपुर में वामपंथी उग्रवाद पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। उसी दिन श्री शाह छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस शीर्षक के राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बीच 9 फरवरी को श्री शाह जगदलपुर में बस्तर पांडुम उत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक संदेश में उन्होंने कहा कि देश 31 मार्च 2026 तक भारत को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त बनाने के संकल्प को प्राप्त करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
News On AIR | फ़रवरी 7, 2026 8:35 अपराह्न | Amit Shah Chhatishgarh
गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे