नवम्बर 17, 2025 2:15 अपराह्न | Amit Shah | Haryana | Northern Zonal Council Meeting

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने फरीदाबाद में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज हरियाणा के फरीदाबाद में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी इसमें भाग ले रहे हैं। उत्तर क्षेत्रीय परिषद में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, चंडीगढ़ और अन्‍य केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं।
 
बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और वरिष्ठ अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। बैठक के दौरान, दिल्ली लाल किला विस्फोट में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक मिनट का मौन रखा गया। बैठक में राज्य सरकारों के बीच समन्वय, जल बंटवारे के मुद्दों और विकास कार्यों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
 
क्षेत्रीय परिषदें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीम भारत के दृष्टिकोण को पूरा कर रही हैं। वहीं, क्षेत्रीय परिषदें इस विश्वास के साथ इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं कि सशक्‍त राज्य एक मजबूत राष्ट्र बनाते हैं। क्षेत्रीय परिषदें दो या दो से अधिक राज्यों या केंद्र को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर संवाद के लिए एक संरचित तंत्र प्रदान करती हैं। 
 
क्षेत्रीय परिषदें पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में आपसी समझ और सहयोग के स्वस्थ संबंधों को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण साबित हुई हैं। क्षेत्रीय परिषदें राष्ट्रीय महत्व के व्यापक मुद्दों पर भी चर्चा करती हैं। इनमें महिलाओं, बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों के मामलों की त्वरित जांच और उनके शीघ्र निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों का कार्यान्वयन शामिल है। पिछले ग्यारह वर्षों में विभिन्न क्षेत्रीय परिषदों और उनकी स्थायी समितियों की कुल 63 बैठकें हो चुकी हैं।
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला