पश्चिम एशिया में एक साथ कई मोर्चों पर हो रहे हमलों से संघर्ष और तेज हो गया है। एक चिंताजनक घटनाक्रम में आज ईरान के बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र के नजदीक एक मिसाइल गिरने से संयंत्र की सुरक्षा इकाई का सदस्य मारा गया और एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने ईरानी अधिकारियों के हवाले से घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि हमले के बाद विकिरण के स्तर में कोई वृद्धि दर्ज नहीं की गई।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने आज होर्मुज जलडमरूमध्य में इस्राएल से संबद्ध एक जहाज को निशाना बनाकर आग लगा दी। ईरान ने यह भी कहा कि सैन्य गतिविधियों के बावजूद जरूरी सामान ले जा रहे जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से ईरानी बंदरगाहों तक जाने की अनुमति दी जाएगी।
इस बीच, सीरिया के दमिश्क में संयुक्त अरब अमीरात दूतावास पर प्रदर्शनकारियों के हमले में परिसर को नुकसान पहुंचा है। संयुक्त अरब अमीरात ने प्रदर्शनकारियों द्वारा तोड़फोड़ के प्रयासों और दूतावास तथा मिशन प्रमुख के आवास पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। उसने सीरिया से वियना समझौते के तहत अपने दायित्वों को पूरा करने, राजनयिक परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटनाओं की जांच का आह्वान किया है।
उधर, लगातार बढते संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात की वायु रक्षा प्रणाली ने ईरान की तेईस बैलिस्टिक मिसाइलों और छप्पन ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया।