ईरान में लगातार बढ़ते प्रदर्शनों का सिलसिला 14वें दिन भी जारी है। ईरान की सेना ने कहा कि वह रणनीतिक बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करेगी, क्योंकि सरकार देश में वर्षों से हो रहे विरोध प्रदर्शनों को दबाने के प्रयासों को तेज कर रही है। ईरान की सेना का यह बयान अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के नेताओं को नई चेतावनी जारी करने के बाद आया है। ट्रंप ने एक बार फिर सैन्य हमले की चेतावनी दी है।
इस बीच, राजधानी तेहरान और दूसरे सबसे अधिक आबादी वाले शहर मशहद सहित प्रमुख शहरों में बड़े पैमाने पर सड़क प्रदर्शन हुए। सरकारी मीडिया ने बताया कि तेहरान के पश्चिम में स्थित कराज में एक नगरपालिका भवन में आग लगा दी गई। तेहरान के मेयर अलीरेज़ा ज़कानी ने कहा कि गुरुवार की रात हुई अशांति में 50 से अधिक बैंकों और कई सरकारी इमारतों में आग लगा दी गई। उन्होंने कहा कि 30 से अधिक मस्जिदें आग की चपेट में आ गईं।
ईरानी मानवाधिकार समूह एचआरएएनए ने कहा कि 9 जनवरी तक उसने 50 प्रदर्शनकारियों और 15 सुरक्षाकर्मियों सहित 65 लोगों की मौत का दस्तावेजीकरण किया है। नॉर्वे स्थित मानवाधिकार समूह हेंगाव ने दावा किया कि पिछले दो हफ्तों में ढाई हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में शहरों के केंद्रीय इलाकों में भीड़ जमा होती दिखाई दी। तेहरान के सदाताबाद जिले में लोगों ने बर्तन पीटते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। न्यूयॉर्क के सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स इन ईरान ने कहा कि उसे विश्वसनीय प्रत्यक्षदर्शी से जानकारी प्राप्त हुई है कि तेहरान, मशहद और कराज के अस्पताल घायल प्रदर्शनकारियों से भर गए थे।
इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता ने तेजी से बढ़ते विरोध आंदोलन के सामने पीछे नहीं हटने की शपथ ली है। हाल के दिनों में देश भर में विरोध प्रदर्शन हुए हैं, जिससे शासन की सत्ता को खतरा पैदा हो गया है, जो 2022 में देश में हुए पिछले बड़े विरोध आंदोलन के बाद से काफी कमजोर हो गई है।