अमरीका के खूफिया विभाग-एफ बी आई ने फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो आवास की सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुसने वाले एक हथियारबंद व्यक्ति को मार गिराया है। हालांकि, उस समय राष्ट्रपति ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप उस समय घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। ट्रम्प दम्पत्ति वाशिंगटन स्थित व्हाइट हाउस में मौजूद थे।
संदिग्ध व्यक्ति की पहचान 21 वर्षीय ऑस्टिन टकर मार्टिन के रुप में हुई है, जो उत्तरी कैरोलिना के कैमरून का रहने वाला था। संदिग्ध के पास से एक शॉटगन तथा गैस का डिब्बा बरामद हुआ। दो सीक्रेट सर्विस एजेंटों और पाम बीच काउंटी शेरिफ के एक डिप्टी ने उसका मुकाबला किया, जिसके बाद उसे गोली मार दी गई। संदिग्ध व्यक्ति के परिवार ने कुछ दिन पहले ही उसके लापता होने की सूचना दी थी। घटना के बाद उसके वाहन से एक हथियार से लैस बक्सा भी बरामद हुआ।
एफ बी आई के निदेशक काश पटेल ने कहा कि संदिग्ध की पहचान और उसके इरादे का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है। इस बीच, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि खूफिया विभाग ने बंदूक और गैस कनस्तर से लैस व्यक्ति को नियंत्रित करने के लिए त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की।