मार्च 17, 2026 6:21 अपराह्न

printer

खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक और जहाज सुरक्षित: राजेश कुमार सिन्हा

पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया है कि खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक और जहाज सुरक्षित हैं। श्री सिन्हा ने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर आज नई दिल्ली में आयोजित अंतरमंत्रालयी प्रेस सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में खाड़ी देशों से 161 भारतीय नाविकों को स्वदेश लाया गया है। श्री सिन्हा ने बताया कि दूसरा एलपीजी वाहक-नंदा देवी आज तड़के गुजरात के कांडला बंदरगाह पर पहुंचा। उन्‍होंने बताया कि दोनों एलपीजी वाहकों- शिवालिक और नंदा देवी से माल उतारने का काम चल रहा है।

 पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सुश्री सुजाता ने कहा कि सरकार वाणिज्यिक एलपीजी उपभोक्ताओं को पाइप-लाइन वाली प्राकृतिक गैस का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए लंबित अनुमतियों को स्वतः स्वीकृति दे दी जाए और नए आवेदनों को 24 घंटे के भीतर मंजूरी दी जाए।

 विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने ब्रुसेल्स की यात्रा के दौरान यूरोपीय संघ के विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों के साथ वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की। इसमें पश्चिम एशिया की स्थिति और ऊर्जा सुरक्षा पर इसके प्रभाव पर विशेष ध्यान दिया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यूरोपीय संघ के मंत्रियों ने इस संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर भी बल दिया।

विदेश मंत्रालय में खाड़ी मामलों के अतिरिक्त सचिव असीम महाजन ने बताया कि तेल टैंकर सेफसी विष्णु के भारतीय चालक दल के 15 सदस्यों की शीघ्र वापसी में सहायता के लिए भारत का मिशन दल मौजूद है।

उन्होंने बताया कि चालक दल के सदस्य वर्तमान में ईराक के शहर बसरा के एक होटल में ठहरे हुए हैं। श्री महाजन ने बताया कि इस घटना में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर की शीघ्र वापसी के लिए संबंधित इराकी अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।