आकाशवाणी न केवल मनोरंजन का स्रोत है, बल्कि ज्ञान और संवर्धन का सशक्त माध्यम भी है: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि आकाशवाणी न केवल मनोरंजन का स्रोत है, बल्कि ज्ञान संवर्धन और आस्था तथा सांस्कृतिक मूल्यों के सम्मान का सशक्त माध्यम भी है। आकाशवाणी लखनऊ के 89 वें स्थापना दिवस पर उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने हिंदी की विभिन्न बोलियों और भोजपुरी, अवधी, गढ़वाली तथा कुमाऊँनी जैसी क्षेत्रीय भाषाओं को लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आकाशवाणी पर प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम जनता से सीधे जुड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी विश्वसनीय समाचार देने का एक उत्कृष्ट मंच रहा है और यह जनविश्वास का प्रतीक है।

प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी ने कहा कि आकाशवाणी लखनऊ ने दिग्गज कलाकारों को मंच प्रदान किया है और केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने कहा कि आकाशवाणी लोक प्रसारक के रूप में अपनी भूमिका को और सशक्त बनाने के लिए नई तकनीकों के साथ अपनी विश्वसनीयता बनाए रखेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकाशवाणी लखनऊ से जुड़े पद्म पुरस्कार विजेताओं और वरिष्ठ प्रसारकों को सम्मानित किया।