केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने घोषणा की है कि आंगनवाड़ी केंद्रों के सभी कार्यकर्ताओं को अब आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सुश्री अन्नपूर्णा देवी ने आज रांची से देशभर के ग्यारह हजार सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन किया।
महिला और बाल विकास मंत्री ने सातवें राष्ट्रव्यापी ‘राष्ट्रीय पोषण माह‘ के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पोषण माह का उद्देश्य देश से कुपोषण मिटाने के लिए एनीमिया जागरूकता, ‘पोषण भी पढाई भी‘, प्रौद्योगिकी आधारित पहल और आहार उपायों पर ध्यान केंद्रित करना है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत की गई गतिविधियों की संख्या 11 करोड़ से अधिक हो गई है।
सुश्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि देश में स्वस्थ और सशक्त महिलाओं तथा लड़कियों से ही विकसित भारत की परिकल्पना साकार होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास पर जोर दिया है।
इस दृष्टिकोण को हासिल करने के लिए मंत्रालय ने हालिया बजट में महिलाओं और लड़कियों से संबंधित विभिन्न योजनाओं के लिए 3 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।