सरकार ने कहा है कि प्रसारण अवसंरचना और नेटवर्क विकास योजना के अंतर्गत 68 ट्रांसमीटर स्वीकृत किए गए हैं। इससे आकाशवाणी की कवरेज वर्ष 2021 के 70 प्रतिशत से बढ़कर 81 प्रतिशत हो जाएगी। यह योजना देश में दूरदर्शन और आकाशवाणी के प्रसारण अवसंरचना के विकास, आधुनिकीकरण और उन्नयन के लिए केंद्रीय सेक्टर की योजना है।
राज्यसभा में आज सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने कहा कि इस योजना को 2021-26 के लिए कुल 2 हजार 539 करोड़ रुपये से अधिक के परिव्यय के साथ अनुमोदित किया गया है। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी ने तीन महानगरों – दिल्ली, चेन्नई और मुंबई में मीडियम वेब बैंड पर डिजिटल प्रसारण शुरू कर दिया है। डॉ. मुरूगन ने कहा कि आकाशवाणी ने अपने 260 चैनलों का सजीव प्रसारण मोबाइल ऐप न्यूज़ ऑन एआईआर पर उपलब्ध कराया है।