मार्च 20, 2026 12:42 अपराह्न

printer

एआईयू ने हाइड्रोपोनिक भांग की खेप के मामले में सीएसएमआईए से एक विदेशी नागरिक सहित चार यात्रियों को गिरफ्तार किया

सीमा शुल्‍क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट(एआईयू) ने लगभग 64 करोड़ रूपए की कीमत की हाइड्रोपोनिक भांग की खेप के मामले में मुम्‍बई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे-सीएसएमआईए से एक विदेशी नागरिक सहित चार यात्रियों को गिरफ्तार किया है।

इस अभियान के दौरान सीमा शुल्‍क अधिकारियों ने बैंकॉक से तस्‍करी करके लाई गई 3 सौ 94 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक भांग जब्‍त की।

विश्‍वसनीय सूत्रों से सूचना मिलने के बाद सीएसएमआईए ने मंगलवार को इस प्रकार के तस्‍करों को निशाना बनाने और बैंकॉक से पहुंचने वाले हर यात्री के सामान की जांच का विशेष अभियान शुरू किया था। सीएसएमआईए ने एक विदेशी नागरिक और तीन भारतीय यात्रियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

चारों आरोपियों के सामान की जांच करने पर अधिकारियों को हाइड्रोपोनिक भांग का भंडार हाथ लगा। जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि आरोपियों ने बैंकॉक से मादक पदार्थ प्राप्‍त किया। उन्‍हें इस मादक पदार्थ को मुम्‍बई में उनके सहयोगियों को देने का निर्देश दिया गया था।

इसके बदले में उन्‍हें कमीशन और बैंकॉक से मुम्‍बई मार्ग के लिए एयर टिकट देने का वादा किया गया था। हवाई अड्डा परिसर से बाहर निकलने से पहले उन्‍हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को बुधवार को किला कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्‍हें 14 दिन की न्‍यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला