केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान – एम्स की संख्या 6 से बढ़कर 23 हो गई है। एम्स देश में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा संस्थानों का एक सशक्त नेटवर्क है। फरीदाबाद के शैक्षणिक संस्थान के एक दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य तथा संक्रामक और गैर-संक्रामक बिमारियों सहित मुख्य स्वास्थ्य संकेतकों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। देश में तपेदिक नियंत्रण का उल्लेख करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत की प्रगति की सराहना की है, जिसमें तपेदिक के मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है लेकिन गिरावट की दर वैश्विक औसत से दोगुनी है। श्री नड्डा ने स्नातक होने वाले विद्यार्थियों को सशक्त मूल्य, नैतिक आचरण और सार्वजनिक सेवा के प्रति गहरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक चलने वाले अमृत काल के दूसरे चरण के दौरान स्नातक होने वाले विद्यार्थियों को अपनी पेशेवर यात्रा शुरू करने का सौभाग्य प्राप्त है। उन्होंने कहा कि यह अवधि प्रचुर अवसर देने के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दे रही है। ऐसे में श्री नड्डा ने देश के विकास में युवाओं को महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया।
News On AIR | फ़रवरी 7, 2026 4:55 अपराह्न | AIIMS Network Expands from 6 to 23
देश में एम्स की संख्या 6 से बढ़कर 23 हुई: केन्द्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा