कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए लोगों से पौधारोपण करने का आग्रह किया है। उन्होंने यह बात आज नई दिल्ली में एक विशेष कार्यक्रम में की। यह कार्यक्रम उनके पौधारोपण संकल्प के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। शिवराज चौहान ने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण का सबसे शक्तिशाली साधन है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और इसे जन आंदोलन में बदलने के लिए एक समर्पित मंच बनाया जाना चाहिए।
कृषि मंत्री ने इस पहल को समर्थन देने के लिए पौधा भण्डार बनाने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इन भण्डारों के माध्यम से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, साथ ही रोपण और देखभाल की उचित व्यवस्था भी की जाएगी। वर्ष 2021 में नर्मदा जयंती के अवसर पर, कृषि मंत्री ने अमरकंटक में पौधे लगाकर प्रतिदिन कम से कम एक पौधा लगाने का संकल्प लिया था।