कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के तहत आज उत्तर प्रदेश में मेरठ के जंगेठी गांव में किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज देश के विकास में कृषि का महत्वपूर्ण योगदान है और यह क्षेत्र चार प्रतिशत से अधिक की विकास दर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर 40 प्रतिशत से अधिक भारतीयों को आजीविका प्रदान कर रहा है और देश के सकल घरेलू उत्पाद में 18 प्रतिशत से अधिक का योगदान दे रहा है।
कृषि मंत्री ने कहा कि वर्तमान में चल रहा “विकसित कृषि संकल्प अभियान” देश के किसानों को सीधे तौर पर नए कृषि अनुसंधान से परिचित कराएगा और उनके खेतों की उत्पादकता तथा आय में वृद्धि सुनिश्चित करेगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। कार्यक्रम में मौजूद किसान विनोद सैनी ने कहा कि इस अभियान से किसानों को कृषि कार्यों में काफी लाभ मिलेगा।