मणिपुर के इम्फाल स्थित केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय में एग्री यूथ पार्लियामेंट 2026 आज शुरू हुआ। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने किया। इस कार्यक्रम में पूर्वोत्तर क्षेत्रों में कृषि में नवाचार, निरंतरता और भविष्य के अवसरों पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह कार्यक्रम कृषि के भविष्य को आकार देने के लिए युवाओं और हितधारकों को एक मंच प्रदान करता है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में नवाचार की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने काले चावल, कचाई नींबू और तामेंगलोंग संतरा जैसे मणिपुर की समृद्ध जैव विविधता तथा अनोखे उत्पादों का भी उल्लेख किया। राज्यपाल ने वैज्ञानिक समर्थन और बाजार की बेहतर पहुंच की आवश्यकता की भी बात कही।
इस कार्यक्रम में विद्यार्थी, शोधकर्ता और उद्यमी शामिल हो रहे हैं। राज्यपाल ने इस अवसर पर स्मारिका सह सार-पुस्तिका का भी विमोचन किया।