इस्राइल के प्रधानमंत्री बेन्जामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के साथ किसी भी संभावित समझौते में परमाणु सामग्री को हटाना, यूरेनियम संवर्धन पर रोक और बैलिस्टिक मिसाइलों पर प्रतिबंध लगाना शामिल होना चाहिए। वाशिंगटन में अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई भेंट के बाद कल श्री नेतन्याहू ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने समझौते तक पहुंचने के सभी संभावित विकल्पों को आजमाने का संकल्प व्यक्त किया है।
श्री नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइल अमरीका के साथ अपने संबंधों की सहायता से स्वतंत्र घरेलू रक्षा उद्योग का निर्माण करना चाहता है। गजा में इस्राइल के हमले का जिक्र करते हुए श्री नेतन्याहू ने कहा कि इस्राइल ने 500 किलोमीटर सुरंगों में से लगभग 150 किलोमीटर सुरंगों को नष्ट कर दिया है और शेष काम पूरा होना है। उन्होंने कहा कि इस्राइल गजा युद्धविराम योजना को मौका दे रहा है, लेकिन आवश्यक होने पर हमास को खत्म करने के लिए युद्ध फिर शुरू हो सकता है।