पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर अफगानिस्तान के जवाबी हवाई हमलों से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने बताया कि अफगान वायु सेना ने आज सुबह इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरुद और एबटाबाद में हमले किए।
काबुल, कंधार और पक्तिया पर पाकिस्तानी हवाई हमलों के बाद अफगानिस्तान ने यह हमले किए। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि सीमा पर लडाई में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और दो सैन्य ठिकाने तथा 19 चौकियां नष्ट कर दी गईं। आठ अफगान सैनिकों के मारे जाने और 11 के घायल होने की खबर है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि नंगरहार में एक शरणार्थी शिविर पर मिसाइल हमलों में 13 नागरिक घायल हुए।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने अफगानिस्तान के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर दी है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि अफगानिस्तान के खिलाफ कल रात शुरू किए गए अभियान के बाद 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए हैं। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख अंतोनियो गुतरश ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों से कूटनीतिक प्रयासों से मतभेद सुलझाने को कहा है।
इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बातचीत में सहयोग के लिए ईरान तैयार है। रूस ने भी दोनों देशों से कूटनीतिक माध्यमों से आपसी मतभेद दूर करने का आग्रह किया है।
इससे पहले भारत ने रमजान के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित नागरिकों पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है।
News On AIR | फ़रवरी 27, 2026 9:41 अपराह्न | Afghanistan pak
अफगानिस्तान ने इस्लामाबाद सहित पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर जवाबी हवाई हमले किए