अफ़ग़ानिस्तान के उद्योग और वाणिज्य मंत्री अलहाज नूरुद्दीन अज़ीज़ी ने आज अपनी भारत यात्रा संपन्न की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा के दौरान मंत्री अज़ीज़ी ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। दोनों मंत्रियों के बीच द्विपक्षीय संबंधों, संपर्क और लोगों के आपसी आदान-प्रदान पर चर्चा हुई।
श्री अज़ीज़ी ने वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। उन्होंने व्यापार सुगमता, बाज़ार पहुंच, संपर्क और क्षमता निर्माण सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने काबुल-दिल्ली और काबुल-अमृतसर क्षेत्रों में एयर फ्रेट कॉरिडोर की शुरुआत की घोषणा की।
दोनों मंत्रियों ने व्यापार, वाणिज्य और निवेश पर संयुक्त कार्य समूह के फिर से सक्रिय होने का स्वागत किया। दोनों देशों के बीच खनन और अन्य उच्च-मूल्य वाले क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों का पता लगाने पर सहमति बनी।
भारत और अफ़ग़ानिस्तान अपने-अपने दूतावासों में वाणिज्यिक प्रतिनिधि नियुक्त करेंगे और एक संयुक्त वाणिज्य तथा उद्योग चैंबर भी स्थापित करेंगे।
मंत्री अज़ीज़ी ने भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का भी दौरा किया। यहां कई अफ़ग़ान व्यापारियों ने अपने स्टॉल लगाए थे।
उन्होंने व्यापार मेले में सांस्कृतिक प्रदर्शन का भी अवलोकन किया। उनके प्रतिनिधिमंडल ने कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण, सूती वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषद, भारतीय कपास निगम, पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और एसोचैम के साथ बैठकें कीं। उन्होंने अफ़ग़ानिस्तान को कृषि उत्पाद, दवा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दीर्घकालिक आपूर्ति के तौर-तरीकों पर चर्चा की।