अफगानिस्‍तान: डूरंड लाइन सीमा पर हुई झड़पों के दौरान तालिबान बलों ने 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया

अफगानिस्‍तान के अधिकारियों ने कहा है कि डूरंड लाइन सीमा पर हुई झड़पों के दौरान तालिबान बलों ने 30 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। तालिबान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्ला ख्वारज़मी ने कहा कि यह लड़ाई अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के शोराबक जिले में हुई। जहां तालिबान लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना की एक चौकी पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि झड़पों के दौरान तालिबान बलों द्वारा चौकी पर कब्जा करने के बाद तालिबान बलों ने चौकी को विस्फोटकों से नष्ट कर दिया। ख्वारज़मी ने दावा किया कि लड़ाई के दौरान 30 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। इनमें से 20 को चौकी को मजबूत करने के लिए तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि तालिबान लड़ाकों ने पक्तिया के दंड पाटन क्षेत्र में पांच पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया और टॉप सर ख्वुच करम तथा अंजरकी सार चौकियों में घुस गए।
अफगान अधिकारियों ने 3 मार्च को कहा कि अफगानिस्तान के अंदर पाकिस्तान के वायु सेना द्वारा हाल ही में किए गए हवाई हमलों के बाद उसके बलों ने पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए। अफगान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके बलों ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के पास कई प्रमुख सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इसमें काबुल, खोस्त में अली-शेर जिला, जलालाबाद और कंधार शामिल हैं। अफगान अधिकारियों के अनुसार, उनके बलों ने कंधार प्रांत में कई पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है। विशेष रूप से स्पिन बोल्डक और शोराबक जिलों में।