केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि सरकार देश में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा सुविधा को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्यसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि भारत में लगभग एक लाख 73 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 30 वर्ष की आयु तक मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी अन्य बीमारी का पता लगाने के लिए सार्वभौमिक जांच करने की योजना बना रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार राष्ट्रीय टेली-मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम लागू कर रही है और मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए 53 टेली-मानस केंद्र स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि परामर्श 20 क्षेत्रीय भाषाओं में प्रदान किया जा रहा है।