जुलाई 1, 2025 2:34 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गोरखपुर में गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय को भारत की प्राचीन परंपराओं और मूल्यों का आधुनिक केंद्र बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह संस्थान न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

 

राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत में योग और स्वास्थ्य को संरक्षित करने की परम्‍परा प्राचीन है। उन्होंने 2047 तक देश को विकसित बनाने के लिए इस परम्‍परा को आगे बढ़ाने की जरूरत पर बल दिया।

 

राष्ट्रपति ने हाल के वर्षों में गोरखपुर में बुनियादी ढांचे के तेजी से विकास पर भी प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य और संस्कृति के एक नए युग की शुरुआत हो रही है। इससे पहले राष्ट्रपति ने एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।