अमरीका की जानी-मानी गायिका कैटी पेरी सहित छह महिलाओं ने आज ब्लू ओरिजिन के रॉकेट के जरिए पृथ्वी के वायुमंडल की ऊपरी सीमा तक उड़ान भरके इतिहास रच दिया। इन महिलाओं को लेकर ब्लू ओरिजिन के न्यू शेपर्ड- NS-31 अंतरिक्ष यान ने भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे अमरीका के पश्चिमी टेक्सास से उड़ान भरी और लगभग दस मिनट की यात्रा के बाद सभी को सुरक्षित वापस लेकर लौट आया। ब्लू ओरिजिन अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस की स्वामित्व वाली अमरीकी अंतरिक्ष कंपनी है।
उड़ान के दौरान महिला यात्रियों को पृथ्वी की सतह से 100 किलोमीटर से भी ऊपर, करमन रेखा के पार ले जाया गया। करमन रेखा पृथ्वी के वायुमंडल और अंतरिक्ष के बीच की सीमा को बताने वाली काल्पनिक रेखा है।
उड़ान भरने वाली महिलाओं में कैटी पेरी के अलावा टेलीविजन एंकर गेल किंग, फिल्म निर्माता केरियन फ्लिन, नासा की पूर्व एयरोस्पेस इंजीनियर आइशा बोवे, यौन हिंसा के खिलाफ अभियान समूह की संस्थापक अमांडा गुयेन और एक पूर्व पत्रकार और जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज भी थीं।