उत्तर रेलवे के जम्मू संभाग ने, इंडिगो की उड़ाने रद्द होने से फंसे यात्रियों के लिए 12 दिसंबर से तीन दिन के लिए नई दिल्ली और उधमपुर के बीच विशेष वंदे भारत रेलगाड़ी चलाने की घोषणा की है। यह घोषणा हवाई अड्डों पर मची अफरा-तफरी और फंसे हुए यात्रियों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए की गई है।
नई दिल्ली से उधमपुर जाने वाली यह विशेष रेलगाड़ी सुबह 6 बजे रवाना होगी और दोपहर 2 बजे उधमपुर पहुंचेगी। यह अंबाला कैंट, लुधियाना, पठानकोट कैंट और जम्मू तवी सहित अन्य स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में यह दोपहर 3 बजे उधमपुर से चलेगी और रात्रि 11 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस विशेष वंदे भारत रेलगाड़ी में 20 डिब्बे होंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस ऐप से गाड़ी की प्रामाणिक जानकारी देखें।