जुलाई 18, 2025 7:19 अपराह्न

printer

‘वन महोत्सव 2025’ के तहत एक विशेष पौधारोपण अभियान का हुआ आयोजन

‘वन महोत्सव 2025’ के तहत राष्ट्रपति एस्टेट स्थित 11 विलिंगडन क्रिसेंट में एक विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर दिल्ली उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय, दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव, सहित अन्‍य गणमान्‍य व्‍यक्तियों ने पौधारोपण किया।

     

पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान न्यायामूर्ति उपाध्याय ने कहा कि ‘वन महोत्सव’ एक विशेष अभियान है। उन्‍होंने शहरवासियों से अपील की कि वे इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें और इसे एक सफल तथा स्थायी पहल में परिवर्तित करें।

 

वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि वन महोत्सव 2025 के तहत दिल्ली सरकार ने इस वर्ष 70 लाख से अधिक पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। उन्‍होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक उत्तरदायित्व है।

 

मुख्‍यमंत्री ने शहरवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, आस-पड़ोस, विद्यालयों, कार्यालयों और सामुदायिक स्थलों पर अधिक से अधिक पेड़ लगाकर इस अभियान को एक जनांदोलन का रूप दें। कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, सम्मानित न्यायमूर्ति, वन विभाग के अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।