अप्रैल 4, 2026 2:41 अपराह्न

printer

बलूचिस्तान में मानवाधिकार संगठन ने वैश्विक समुदाय से प्रांत में मानवाधिकार स्थिति पर ध्यान देने की अपील की

बलूचिस्तान में मानवाधिकार संगठन ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों और वैश्विक समुदाय से प्रांत में बिगड़ती मानवाधिकार स्थिति पर तत्काल ध्यान देने की अपील की है। बलोच यकजेहती कमेटी (बीवाईसी) (Baloch Yakjehti Committee-, BYC) ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने एक और बलोच छात्र की  हत्या कर दी है। संगठन ने कहा कि 18 वर्षीय छात्र गुलाम कादिर का शव ग्वादर जिले के पलारी इलाके में मिला, ये छात्र लगभग चार महीने पहले लापता हो गया था।

 

इस क्रूर घटना की निंदा करते हुए, बी.वाई.सी. ने कहा कि यह बलूचिस्तान में लगातार जारी हिंसा को दर्शाता है। इस क्षेत्र में जबरन लापता किये जाने, हत्याओं और लक्षित हमलों के बाद हर रोज बलोच व्यक्तियों के शव मिलते हैं। बलोच राष्ट्रीय आंदोलन के मानवाधिकार विभाग- पांक ने इससे पहले बताया था कि बलूचिस्तान में छात्रों सहित चार और नागरिकों को जबरन लापता कर दिया गया था।