मार्च 31, 2026 3:17 अपराह्न

printer

डाक कर्मचारियों और विभिन्न डाक संघों के प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की

डाक कर्मचारियों और विभिन्न डाक संघों के प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नई दिल्ली में कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने डाक विभाग से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा की। कुछ क्षेत्रों में कैडर पुनर्गठन, वित्तीय उन्नयन योजनाओं का कार्यान्वयन और पेंशन संबंधी मामलों पर चर्चा की गई।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए पेंशन अदालत, सीपीईएनजीआरएएम और पेंशन शिकायत मंचों सहित मौजूदा संस्थागत तंत्रों का प्रभावी उपयोग करने का सुझाव दिया। डॉ. सिंह ने देशभर में, विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में, अंतिम व्‍यक्ति तक सेवा पहुंचाने और चुनौतीपूर्ण समय में आवश्यक सेवाओं को बनाए रखने में डाक कर्मचारियों के योगदान को स्वीकार किया।

उन्‍होंने बताया कि इन मुद्दों को स्थापित नीतिगत प्रावधानों और लागू नियमों के अनुसार उचित विचार-विमर्श के लिए संबंधित मंत्रालयों और विभागों के समक्ष उठाया जाएगा।

बैठक में परमाणु ऊर्जा और संबद्ध क्षेत्रों में समन्वय से संबंधित चर्चाएं भी शामिल थीं, जिसका उद्देश्य संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करना और हितधारकों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना था।