मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

सोशल मीडिया फीड

जून 26, 2025 8:45 अपराह्न

समाचार संध्या

printer

मुख्य समाचार :-

 

 

  • भारत की अंतरिक्ष यात्रा में आज ऐतिहासिक क्षण, शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बने।


  • आतंकवाद संबंधी चिंताओं को शामिल न करने पर भारत की कडी आपत्ति के बाद शंघाई सहयोग संगठन का संयुक्‍त घोषणा पत्र जारी नहीं हुआ।


  • निर्वाचन आयोग ने अनुपालन मानदंडों को पूरा नहीं करने वाले 345 गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू की।


  • सीबीआई ने साइबर आपराध पर कडी कार्रवाई में डिजिटल धोखाधड़ी से जुडे 42 स्थानों पर छापे मारे।


  • घरेलू शेयर बाजार एक दशमलव दो प्रतिशत की उछाल के साथ 2025 के नए उच्‍चतम स्‍तर पर पहुंचा।


  • और, भारत ने कुआलालंपुर में एशियाई डबल्‍स स्क्वैश में पुरुषों, महिलाओं और मिक्‍स्‍ड स्पर्धाओं में तीन स्‍वर्ण पदकों के साथ शानदार जीत हासिल की।

----

भारत की अंतरिक्ष यात्रा में आज ऐतिहासिक क्षण जुड गया, जब भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अन्‍तर्राष्‍ट्रीय अंतरिक्ष स्‍टेशन पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बनने का गौरव प्राप्‍त किया। एक्‍सिअम-4 मिशन के अन्‍तर्गत स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्षयान को दोपहर बाद 4 बजे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से डॉक यानि जोडा गया। इस मिशन के चालक दल में ग्रुप कैप्‍टन शुभांशु शुक्‍ला सहित अमरीका, पोलैंड और हंगरी के सदस्‍य शामिल हैं। 41 साल बाद अंतरिक्ष में भारत का कोई अंतरिक्ष यात्री पहुंचा है। लखनऊ में जन्मे शुक्ला 1984 में राकेश शर्मा की उड़ान के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। इस ऐतिहासिक मिशन में अंतरिक्ष यात्री पृथ्‍वी की निचली कक्षा में 14 दिनों तक वैज्ञानिक शोध करेंगे। एक्सिअम-4 मिशन न केवल एक वैज्ञानिक उपलब्धि है, बल्कि वैश्विक प्रौद्योगिकी महाशक्ति के रूप में भारत के बढ़ते कद का प्रमाण है। शुभांशु शुक्ला भोजन और अंतरिक्ष पोषण से संबंधित उन्‍नत प्रयोग करेंगे।

 

----

 

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और एक्सिओम-4 मिशन टीम को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सफलतापूर्वक डॉकिंग के लिए बधाई दी है।

 

 

पहली मर्तबा ऐसा हो रहा है कि कोई भारतीय मूल का अंतरिक्ष यात्री इंटनेशनल स्‍पेस-स्‍टेशन पर गया है तो भारत के लिए गर्व की बात तो है ही और साथ-ही साथ मुझे लगता है कि अवसर का आभार प्रकट करने का देश के राजनीतिक नेतृत्‍व का प्रधानमंत्री मोदी जी का भी जिस प्रकार का एक अनुकूलता कामकाज के वातावरण में आई, उसके कारण ये संभव हो पाया।

 

---

 

शुभांशु शुक्‍ला की इस उपलब्‍धी के साथ ही भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक नया स्‍वर्णीम अध्‍याय जुड गया है। एक नजर भारत की अब तक की अंतरिक्ष यात्रा पर।

 

 

स्वतंत्रता के बाद से, भारत की अंतरिक्ष यात्रा उल्लेखनीय कहानी रही है। 1975 में देश के पहले उपग्रह आर्यभट्ट के प्रक्षेपण ने उपग्रह प्रौद्योगिकी में भारत के भविष्य की नींव रखी। 5 साल बाद, 1980 में, भारत स्वदेशी एसएलवी-3 रॉकेट का उपयोग करके रोहिणी-1B का प्रक्षेपण कर स्वदेशी प्रक्षेपण क्षमताओं वाले कुछ देशों में शामिल हो गया। भारत की अंतरिक्ष यात्रा में अगला मील का पत्थर 1984 में आया, जब भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय बने, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन गए।

 

 

भारत ने 1990 और 2000 के दशक की शुरुआत में रिमोट सेंसिंग, संचार और मौसम उपग्रहों में प्रगति के साथ बड़ी गति पकड़ी। 2008 में, इसरो ने चंद्रयान-1 लॉन्च किया, जिसने चंद्रमा पर पानी की उपस्थिति की पुष्टि की। 2013 के मिशन मंगलयान ने भारत को अपने पहले प्रयास में ही मंगल पर पहुंचने वाला पहला देश बना दिया। भारत की पहली अंतरिक्ष वेधशाला एस्ट्रोसैट को 2015 में लॉन्च किया गया। अपनी चंद्र महत्वाकांक्षाओं को जारी रखते हुए, इसरो ने 2019 में चंद्रयान-2 लॉन्च किया। हालांकि विक्रम लैंडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, लेकिन ऑर्बिटर सक्रिय रहा और महत्वपूर्ण जानकारी भेजना जारी रखा। 2023 में, चंद्रयान-3 ने भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने वाला पहला देश बना दिया। भारत ने आदित्य-एल1 सौर मिशन भी लॉन्च किया और इस साल गगनयान मानव अंतरिक्ष यान की तैयारी कर रहा है। इसकी अंतरिक्ष उपलब्धियों में नवीनतम स्पैडेक्स मिशन है, जिसने स्वदेशी डॉकिंग तकनीक का प्रदर्शन किया। व्यावसायिक रूप से, भारत ने 2017 में एक मिशन में 393 विदेशी उपग्रहों को लॉन्च किया और 104 उपग्रहों को तैनात करके विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसरो भविष्य के अंतरिक्ष मिशन के लिए एक पंखदार बॉडी ऑर्बिटल री-एंट्री व्हीकल भी विकसित कर रहा है। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

---

भारत ने चीन के छिंगदाओ में शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक में संयुक्त घोषणा पत्र पर हस्‍ताक्षर करने से इनकार कर दिया है। इस दस्‍तावेज में सीमापार आतंकी गतिविधियों का कोई उल्‍लेख नहीं है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा संयुक्त घोषणा पत्र का समर्थन करने से इनकार करने के कारण सम्मेलन संयुक्त विज्ञप्ति के बिना ही समाप्त हो गया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद, कट्टरता और चरमपंथ के विरूद्ध एकीकृत वैश्विक कार्रवाई का आहवान किया।

 

---

 

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि कुछ सदस्य देशों के कुछ मुद्दों पर आम सहमति नहीं बन पाने के कारण साझा दस्तावेज को अंतिम रूप नहीं दिया जा सका। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में मीडिया को बताया कि भारत चाहता है कि दस्तावेज में आतंकवाद पर भारत की चिंताओं को दर्शाया जाए। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री ने सदस्य देशों से आतंकवाद के सभी रूपों से लड़ने के लिए एक साथ आने का आह्वान किया।

 

 

ऑपरेशन सिंधु पर श्री जायसवाल ने कहा कि ईरान से तीन हजार चार सौ 26 भारतीयों और इस्राइल से अब तक आठ सौ 18 भारतीय नागरिकों को निकाला गया है। उन्होंने कहा कि भारत अपना हवाई क्षेत्र खोलने के लिए ईरानी सरकार को धन्यवाद देना चाहता है।

 

---

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हिंदी अन्य भारतीय भाषाओं की सहचरी है और इसे उनकी प्रतिद्वंद्वी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाषा केवल संचार का माध्यम नहीं है, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। नई दिल्ली में राजभाषा विभाग की स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित करते हुए श्री शाह ने भाषाओं को जीवित और समृद्ध बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को लोगों द्वारा बोली जाने वाली भाषा में काम करना चाहिए।

 

 

हिंदी सभी भारतीय भाषाओं की सखी है और हिंदी और भारतीय भाषा मिलकर ही हमारे आत्म गौरव उत्थान का जो एक कार्यक्रम है भाषा के माध्यम से, उसको अंतिम लक्ष्य तक ले जा सकते हैं। ये भारतीय भाषा अनुवाद न केवल भारत सरकार हर राज्य को सहायता करेगा कि राज्यों का प्रशासन, भारत सरकार का प्रशासन भारतीय भाषाओं के आधार पर ही हो!

 

----

 

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि आपातकाल देश के इतिहास का एक काला दौर था और इसके कारण लाखों लोगों को कष्ट सहना पड़ा। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि आपातकाल के दौरान बड़े पैमाने पर बर्बरता और अत्याचार हुए थे।

 

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि आपातकाल के खिलाफ लड़ाई उन लोगों के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व के कारण सफल हुई जिन्होंने इसका नेतृत्व किया। हमारे संवाददाता ने आपातकाल के दौरान मीसा के अंतर्गत जेल में बंद पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल से बात की।

 

 

इन्दिरा जी ने स्वयं को प्रधानमंत्री बनाए रखने के लिए लोकतंत्र की हत्या की थी इसका वो एक प्रमाण है। सारा देश एक प्रकार से जेल बन गया और इसलिए ये बात बड़ी आज भी स्‍मरण करने लायक है कि जो परिस्थितियां उस वक्‍त संविधान की व्यवस्थाओं को तोड़-मरोड़ करके जो बनाई गई है और जो किया गया, लगाना पसंद किया और 25 जून की रात्रि में उन्‍होंने देश में आपातकाल लगाया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कैसे ध्‍वस्‍‍त किया गया और देश के लोकतंत्र के लिए वो काला अध्याय है।

 

---

 

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ ग्वालियर-बेंगलुरू एक्सप्रेस रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस रेलगाड़ी के शुरू होने से ग्वालियर, गुना और भोपाल के लोगों को काफी लाभ मिलेगा।

 

 

ग्‍वालियर से बेंगलुरू की ये जो गाड़ी रवाना होगी। इससे बहुत लाभ मिलेगा हमारे ग्‍वालियर को, गुना को, भोपाल को। प्रधानमंत्री जी ने गध्‍यप्रदेश में रेलवे के विकास के लिए बहुत सारे काम हाथ में लिए है और साथ ही साथ बजट भी दिया है, जहां पर आठ से दस साल पहले 632 करोड़ रुपए का बजट होता था, आज 14 हजार 745 करोड़ रूपए का बजट मिल रहा है और काम भी बहुत तेजी से चल रहा है।

 

----

 

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों को खारिज कर दिया है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री गडकरी ने कहा कि ऐसा कोई  प्रस्ताव नहीं है। श्री गडकरी ने कहा कि दोपहिया वाहनों के लिए टोल पर पूरी छूट जारी रहेगी।

 

---

 

निर्वाचन आयोग ने तीन सौ 45 पंजीकृत गैर-मान्‍यता प्राप्‍त राजनीतिक दलों को आवश्‍यक शर्तें पूरा न करने के कारण अपनी सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया ऐसी पार्टियों को सूची से हटाने के लिए शुरू की गई है जिन्‍होंने 2019 से अब तक लोकसभा और राज्‍य या केन्‍द्रशासित विधानसभा के किसी चुनाव में भाग नहीं लिया।

 

---

 

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्‍ट के मामलों से निपटने के लिए चल रहे प्रयासों के तहत, साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे खच्चर बैंक खातों के संबंध में पांच राज्यों में 42 स्थानों पर देशव्यापी तलाशी शुरू की है। खच्चर खाता वह बैंक खाता है जिसका उपयोग अवैध गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने के लिए किया जाता है। यह अभियान ऑपरेशन चक्र-5 के तहत पांच राज्यों - राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में चलाया गया।

 

 

----

 

सरकार ने बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान - आईबीपीएस द्वारा आयोजित परीक्षाओं और भर्ती की प्रक्रियाओं में उम्मीदवारों के सत्यापन के लिए आधार प्रमाणीकरण के उपयोग को मंजूरी दे दी है।

 

----

 

आर्थिक जगत -

 

बम्‍बई शेयर बाजार का सेंसेक्‍स एक दशमलव दो प्रतिशत की बढत से आज एक हजार अंकों का उछाल लेकर 83 हजार 756 के स्‍तर पर बंद हुआ। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी भी एक दशमलव दो प्रतिशत की मजबूती से तीन सौ चार अंक बढकर 25 हजार 549 के स्‍तर पर दर्ज हुआ। अंतरबैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 38 पैसे की मजबूती से 85 रुपए 71 पैसे प्रति डॉलर के स्‍तर पर रहा। और अंतर्राष्‍ट्रीय बाजार में ब्रैंट क्रूड के वायदा भाव 67 डॉलर 96 सेंट प्रति बैरल के आसपास दर्ज हुए।

 

---

 

भारत ने मलेशिया के कुआलालंपुर में दूसरी एशियाई स्क्वाश डबल्‍स चैंपियनशिप में आज पुरुष, महिला और डबल्‍स स्पर्धा के सभी तीनों खिताब जीतकर क्‍लीन स्‍वीप किया। पुरुष डबल्‍स में अभय सिंह और वेलवन सेंदिलकुमार की जोड़ी ने पाकिस्तान की जोड़ी को हराया।

 

 

महिला डबल्‍स में जोशना चिनप्पा और अनाहत सिंह की जोड़ी ने मलेशिया की जोड़ी को फाइनल में हराया। वहीं, मिक्‍स्‍ड डबल्‍स के फाइनल में अभय और अनाहत की जोड़ी ने मलेशिया की जोड़ी पर जीत दर्ज की।

 

---

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारत की अंतरिक्ष यात्रा में आज ऐतिहासिक क्षण, शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बने।


  • आतंकवाद संबंधी चिंताओं को शामिल न करने पर भारत की कडी आपत्ति के बाद शंघाई सहयोग संगठन का संयुक्‍त घोषणा पत्र जारी नहीं हुआ।

  • निर्वाचन आयोग ने अनुपालन मानदंडों को पूरा नहीं करने वाले 345 गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू की।


  • सीबीआई ने साइबर आपराध पर कडी कार्रवाई में डिजिटल धोखाधड़ी से जुडे 42 स्थानों पर छापे मारे।


  • घरेलू शेयर बाजार एक दशमलव दो प्रतिशत की उछाल के साथ 2025 के नए उच्‍चतम स्‍तर पर पहुंचा।


  • और, भारत ने कुआलालंपुर में एशियाई डबल्‍स स्क्वैश में पुरुषों, महिलाओं और मिक्‍स्‍ड स्पर्धाओं में तीन स्‍वर्ण पदकों के साथ शानदार जीत हासिल की।


----