98वें अकादमी पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म सहित छह पुरस्कार जीते हैं। फिल्म ‘सिनर्स’ के लिए माइकल बी. जॉर्डन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और ‘हैमनेट’ के लिए जेसी बकले को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
रायन कूगलर की फिल्म ‘सिनर्स’ ने कुल चार पुरस्कार जीते। वही गिलर्मो डेल टोरो की फिल्म ‘फ्रैंकस्टीन’ ने भी तीन पुरस्कार अपने नाम किए। ‘वन बैटल आफ्टर अनदर’ के लिए सीन पेन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और ‘वेपन्स’ के लिए एमी मैडिगन को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री चुना गया।
समारोह के दौरान भारत की झलक भी देखने को मिली। भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनास ने ऑस्कर विजेता जेवियर बार्डेम के साथ मिलकर सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म का पुरस्कार प्रदान किया। यह समारोह डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया गया।