केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने बताया है कि पिछले वर्ष दिसंबर तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 96 लाख 73 हजार से अधिक आयुष्मान वय वंदना कार्ड जारी किए जा चुके हैं। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में उन्होंने बताया कि आयुष्मान वय वंदना कार्ड लाभार्थियों के लिए कुल 10 लाख 33 हजार अस्पतालों में भर्ती होने की मंजूरी दी गई है, जिन पर 2 हजार 154 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आएगा।
श्री जाधव ने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत 12 करोड़ परिवारों को माध्यमिक और तृतीय श्रेणी के अस्पतालों में ईलाज के लिए प्रति वर्ष 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवरेज प्रदान किया जाता है।
इस योजना का विस्तार अक्टूबर 2024 में किया गया और आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष के साढ़े चार करोड़ और उससे अधिक आयु के 6 करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को इस योजना में शामिल किया गया है।