रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जिसमें लगभग एक हज़ार अतिथि उपस्थित थे। जिसमें भारतीय समुदाय के सदस्य, दूतावास के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और सऊदी अरब में भारत के समर्थक शामिल थे।
समारोह की शुरुआत रियाद में भारतीय राजदूत डॉ. सुहेल एजाज खान के तिरंगा फहराने के साथ हुई और राष्ट्रगान गाया गया। राजदूत ने इस अवसर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के राष्ट्र के नाम संदेश को वहां रह रहे भारतीयों के लिए पढ़ा।
राजदूत खान ने बढ़ते सऊदी-भारत द्विपक्षीय संबंधों और इसे मजबूत बनाने में भारतीयों की भूमिका का उल्लेख किया। इसके बाद भारतीय समुदाय के सदस्यों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुति की गई, जिसमें भारत की विविधता को दर्शाया गया।
इस अवसर पर दूतावास के अधिकारियों और उनके परिवारों, भारतीय समुदाय के सदस्यों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लिया और तिरंगे के प्रति अपनी देशभक्ति का प्रदर्शन किया।