79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार- बाफ्टा 2026 के नामांकनों की घोषणा आज कर दी गई। पॉल थॉमस एंडरसन की एक्शन थ्रिलर ‘वन बैटल आफ्टर एनदर’ को 14 नामांकन मिले हैं। इनमें से पांच कलाकारों को अभिनय के लिए नामांकित किया गया है। रयान कूगलर की वैम्पायर फिल्म ‘सिनर्स’ को 13 नामांकन मिले हैं, जबकि क्लो ज़ाओ की शेक्सपियरियन पारिवारिक त्रासदी ‘हैमनेट’ और जोश सफ्डी की ‘मार्टी सुप्रीम’ को 11-11 नामांकन मिले हैं। सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नामांकित फिल्में ‘वन बैटल आफ्टर एनदर’, ‘हैमनेट’, ‘मार्टी सुप्रीम’, ‘सिनर्स’ और नॉर्वे की पारिवारिक ड्रामा फिल्म ‘सेंटिमेंटल वैल्यू हैं’। सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता के दावेदारों में ‘आई स्वियर’ के लिए रॉबर्ट अरामायो, ‘मार्टी सुप्रीम’ के लिए टिमोथी चालमेट, ‘वन बैटल आफ्टर एनदर’ के लिए लियोनार्डो डिकैप्रियो और ‘सिनर्स’ के लिए माइकल बी. जॉर्डन शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की दौड़ में ‘हैमनेट’ के लिए जेसी बकले, ‘सॉन्ग संग ब्लू’ के लिए केट हडसन और ‘वन बैटल आफ्टर एनदर’ के लिए चेस इंफिनिटी के बीच कड़ी टक्कर है। ‘वन बैटल’ के कलाकार तेयाना टेलर, बेनिसियो डेल टोरो और शॉन पेन सहायक भूमिकाओं के लिए नामांकित हैं। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की मणिपुरी भाषा की फिल्म ‘बूंग’ को इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ बाल और पारिवारिक फिल्म श्रेणी में नामांकित किया गया है। ‘बूंग’ मणिपुर के एक युवा लड़के की कहानी है, जो मानता है कि उसकी माँ के लिए सबसे बड़ा उपहार उसके पिता को घर लाना होगा। बाफ्टा फिल्म पुरस्कार समारोह 22 फरवरी को लंदन में आयोजित होगा।
News On AIR | जनवरी 27, 2026 10:08 अपराह्न
79वें ब्रिटिश अकादमी फिल्म पुरस्कार बाफ्टा 2026 के नामांकनों की घोषणा