मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

मई 14, 2024 8:26 अपराह्न | कान फिल्‍मोत्‍सव

printer

    77वां कान फिल्मोत्सव फ्रांस के कान में शुरू हो गया

 

77वां कान फिल्मोत्‍सव आज फ्रांस के कान में शुरू हो गया। दुनिया का यह सबसे लोकप्रिय फिल्म महोत्सव प्रसिद्ध निर्देशक और संगीतकार क्वेंटिन डुपिएक्स की फ्रांसीसी कॉमेडी “द सेकेंड एक्ट” के साथ शुरू हुआ। इस बार पाल्मे डी’ओर के लिए 22 फिल्में प्रतिस्पर्धा में होंगी। प्रसिद्ध अभिनेत्री मेरिल स्ट्रीप को मानद पाम डी’ओर से सम्मानित किया जाएगा।

भारत 12 दिवसीय इस फिल्‍मोत्‍सव में भाग ले रहा है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में केन्‍द्र और राज्य सरकारों के प्रतिनिधि तथा फिल्म उद्योग के सदस्य शामिल हैं। भारत पहली बार कान फिल्मोत्‍सव में भारत पर्व की मेजबानी करेगा। कान में भारत पवेलियन भारतीय फिल्म समुदाय के लिए विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा। इनमें उत्पादन सहयोग को बढ़ावा देना, ज्ञान सत्र, वितरण सौदों पर हस्ताक्षर करना, बिजनेस टू बिजनेस मीटिंग और दुनिया भर के प्रमुख मनोरंजन और मीडिया खिलाड़ियों के साथ मेलजोल बढ़ाना शामिल है। भारत पर्व पर 55वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2024 के आधिकारिक पोस्टर और ट्रेलर का भी अनावरण किया जाएगा। इस साल यह 20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जाएगा।