हौसी के आर्टिबोनिट क्षेत्र में सशस्त्र गिरोह के एक हमले में 70 लोग मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए। मानवाधिकार संगठनों के अनुसार इस हमले को हाल के समय के सबसे भीषण हमलों में से एक बताया गया है। इस नरसंहार के कारण छह हजार से अधिक निवासियों को घर छोड़कर भागना पड़ा। एक बयान में मानवाधिकार समूह ने समय पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी की आलोचना करते हुए कहा कि इससे आर्टिबोनिट क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी की स्पष्ट उपेक्षा का पता चलता है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुटरश के प्रवक्ता ने एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस हमले की कड़ी निंदा की। यह हमला रविवार को जीन-डेनिस क्षेत्र में ग्रैन ग्रिफ गिरोह के सदस्यों द्वारा किया गया था।
इस महीने की शुरुआत में अमरीका ने ग्रैन ग्रिफ और विव अनसनम समूहों के वित्तीय संचालन के बारे में जानकारी देने वाले को 30 लाख डॉलर तक का इनाम देने की घोषणा की थी, जिन्हें वाशिंगटन द्वारा आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। हौसी में गिरोह हिंसा के कारण दस लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं, खाद्य सुरक्षा की स्थिति गंभीर रूप से बिगड़ गई है और हाल के वर्षों में लगभग 20 हजार लोगों की मौत हुई है।