सरकार ने आज फिर आश्वासन दिया है कि सभी तेल शोधन संयंत्र पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं और घरेलू तथा परिवहन कार्यों के लिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति शत प्रतिशत की जा रही है।
आज नई दिल्ली में पश्चिम एशिया की हाल की घटनाओं के बारे में अंतर-मंत्रालय ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 50 प्रतिशत वाणिज्यिक एलपीजी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि राज्यों और स्थानीय निकायों द्वारा संचालित रेस्त्रां, ढाबा, होटल, औद्योगिक कैंटीन, डेयरी, रियायती कैंटीन, खाद्य प्रसंस्करण और अन्य क्षेत्रों को इस आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि एलपीजी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए अतिरिक्त एलपीजी आवंटन और नीतिगत सहयोग से तीन सप्ताह में लगभग साढ़े तीन लाख नए घरेलू और वाणिज्यिक एलपीजी कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं। एलपीजी आपूर्ति पर निगरानी रखी जा रही है, लेकिन वितरण जारी है। उन्होंने बताया कि सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और देश भर में सभी स्थानों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध है।
कालाबाजारी और जमाखोरी के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि करीब 37 हजार छापे मारे जा चुके हैं, 550 एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और 150 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि तेल विपणन कंपनियों ने पूरे देश में औचक निरीक्षण भी किया है।
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया है कि सभी 22 जहाज और 600 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। समुद्र में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि नौवहन महानिदेशालय पोत मालिकों, भर्ती और नियुक्ति सेवा लाइसेंस एजेंसियों तथा भारतीय दूतावासों के साथ लगातार संपर्क में है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पिछले 24 घंटों में 13 लोगों को वापस लाया गया है। कुल मिलाकर पिछले 48 घंटों में 34 लोगों को वापस लाया जा चुका है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर ईरान के राष्ट्रपति से बात की और ईद-उल-रोज़ की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि की कामना व्यक्त की। उन्होंने भारत का रुख स्पष्ट करते हुए संवाद और तनाव कम करने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने महत्वपूर्ण ढ़ांचागत केंद्रों पर हमलों की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्रीय स्थिरता और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर उनके प्रभाव का उल्लेख किया और नौवहन की स्वतंत्रता तथा सुरक्षित जलमार्गो की रक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। श्री मोदी ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए ईरान के निरंतर समर्थन की भी सराहना की।
ईरान के ऊर्जा संयंत्रों पर अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के सैन्य हमले स्थगित करने संबंधी ताजा सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में श्री जायसवाल ने कहा कि मंत्रालय इन घटनाओं पर बारीकी से नजर रखे हुए है।