केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली में आहार अंतर्राष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य मेले के 40वें संस्करण का उद्घाटन किया। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय और भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन संयुक्त रूप से 10 से 14 मार्च तक इस मेले का आयोजन कर रहा है।
संवाददाताओं से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस तरह की प्रदर्शनियों से भारत को मुक्त व्यापार समझौतों से मिले अवसरों का लाभ उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व का सातवां सबसे बड़ा निर्यातक है। श्री गोयल ने कहा कि कृषि और समुद्री उत्पादों में देश के किसान और मछुआरे लगभग पांच लाख करोड़ रुपये के उत्पाद निर्यात करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इटली को पहली बार मेले में भागीदार देश बनाया गया है।
उद्घाटन समारोह में वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने बताया कि आम जनता के लिए यह प्रदर्शनी 13 मार्च की शाम से अगले दिन तक खुली रहेगी। उन्होंने कहा कि आज स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, लिकटेंस्टीन और आइसलैंड के साथ मुक्त व्यापार समझौते को दो साल पूरे हो गए हैं। श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक व्यापार समझौते देश के किसानों, मछुआरों और लघु तथा मध्यम उद्यमों के लिए नए अवसर खोलेंगे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में हुए नौ मुक्त व्यापार समझौतों से 38 विकसित और समृद्ध देशों में भारतीय निर्यातकों के लिए व्यापक बाजार अवसर उपलब्ध हुए हैं।
श्री गोयल ने कहा कि भारत एक आकर्षक निवेश गंतव्य बन गया है, इससे भारतीय व्यवसायों को वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में एकीकृत होने में मदद मिल रही है।
भारत में इटली के राजदूत एंटोनियो बार्टोली ने कहा कि भारत ने व्यापार बाधाओं को कम किया है, इससे अधिक से अधिक कंपनियों को देश में आने, व्यापार करने और निवेश करने का अवसर मिल सकता है।
News On AIR | मार्च 10, 2026 4:19 अपराह्न | 40th AAHAR International Food And Hospitality Fair
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने नई दिल्ली में आहार अंतर्राष्ट्रीय खाद्य और आतिथ्य मेले के 40वें संस्करण का उद्घाटन किया