फ़रवरी 24, 2026 9:09 अपराह्न

printer

40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए ईएसआईसी के वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविरों का हुआ शुभारंभ

श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने श्रम संहिता के अनिवार्य प्रावधानों के तहत आज 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम – ईएसआईसी के वार्षिक स्वास्थ्य जांच शिविरों का शुभारंभ किया। नई दिल्ली में ई.एस.आई.सी के 75वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान यह पहल की गई।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि यह कदम निवारक स्वास्थ्य देखभाल को बढ़ावा देने और श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता दर्शाता है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ई.एस.आई.सी की स्थापना 1952 में मात्र एक लाख बीस हजार लाभार्थियों के साथ हुई थी। अब यह 15 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान करता है। संगठन का देश भर में 156 अस्पतालों, 17 मेडिकल कॉलेजों और लगभग सोलह सौ औषधालयों का एक व्यापक नेटवर्क है। 

उन्होंने कहा कि ई.एस.आई.सी के नेटवर्क में निरंतर वृद्धि श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा स्वास्थ्य देखभाल कवरेज को मजबूत करने की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण और ई.एस.आई.सी के बीच ईएसआई योजना को आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के साथ एकीकृत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।