उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सूरजकुंड में 39वें सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प महोत्सव का उद्घाटन किया। यह महोत्सव लोकल टू ग्लोबल अर्थात स्थानीय से वैश्विक-आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य के साथ आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर उपराष्ट्रपति ने पर मेला साथी ऐप भी लॉन्च किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे। हरियाणा के विरासत और पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी उद्घाटन समारोह में मौजूद थे।
उपराष्ट्रपति ने मेला स्थल पर स्थित हरियाणा अपना घर पवेलियन का दौरा किया, जहां उनका पारंपरिक हरियाणवी पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया। उन्होंने महोत्सव के थीम राज्य-मेघालय के स्टॉल का भी दौरा किया। उन्होंने कारीगरों से बातचीत की और उनकी कला की सराहना भी की।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने कहा कि सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेला दशकों से भारत की सांस्कृतिक आत्मा और कलात्मक उत्कृष्टता का जीवंत प्रतीक रहा है। यह उत्सव वसुधैव कुटुंबकम के शाश्वत भारतीय दर्शन का प्रमाण है, जो संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानता है।
इस मेले में मिस्र चौथी बार हिस्सा ले रहा है। इसके अलावा, थीम राज्यों उत्तर प्रदेश और मेघालय की समृद्ध सांस्कृतिक और लोक कलाओं को भी मेले में प्रदर्शित किया जा रहा है। शिल्प उत्सव में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बुनकरों तथा कारीगरों के एक हजार दो सौ से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इस 16 दिवसीय शिल्प मेले का समापन 15 फरवरी को होगा।