फ़रवरी 15, 2025 4:11 अपराह्न

printer

38वें राष्ट्रीय खेल हल्द्वानी में संपन्न, मेघालय अगले खेलों की मेजबानी करेगा

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कल 38वें राष्ट्रीय खेल संपन्न हुये। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया गया। समारोह के मुख्य अतिथि गृह मंत्री अमित शाह ने खेलों की सफल मेजबानी के लिए उत्तराखंड सरकार को बधाई दी और खेलों को ग्रीन गेम्स बताते हुए इसकी प्रशंसा की।

 

गृह मंत्री ने घोषणा की कि 39वें राष्ट्रीय खेल मेघालय में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि इसमें छह पूर्वात्तर राज्य शामिल होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने आयोजन की सफल मेजबानी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखंड ने अब खुद को ‘‘खेलों की भूमि‘‘ के रूप में स्थापित कर लिया है।

उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 25वें स्थान से छलांग लगाकर 7वां स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है।

इस सफलता के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ ही राज्य सरकार की खेल विकास नीतियों की अहम भूमिका रही। आधुनिक खेल परिसरों, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों और बेहतर कोचिंग सुविधाओं ने खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

उत्तराखंड ने फुटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल और कबड्डी सहित कई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे पूरे देश का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ। यह ऐतिहासिक उपलब्धि खेलों के प्रति नई जागरूकता और उत्साह की लहर पैदा कर रही है, जो आने वाले वर्षों में और बड़ी सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करेगी।