फ़रवरी 2, 2025 2:16 अपराह्न

printer

38वें राष्ट्रीय खेलों में अबतक हुए मुकाबलों में देशभर के खिलाड़ियों ने 103 स्वर्ण, 103 रजत और 126 कांस्य पदक समेत कुल 332 पदक जीते

उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल पूरे जोश और उत्साह के साथ चल रहे हैं। आज छठे दिन राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न र्स्पधाएं खेली जानी है। अबतक हुए मुकाबलों में देशभर के खिलाड़ियों ने 103 स्वर्ण, 103 रजत और 126 कांस्य पदक समेत कुल 332 पदक जीते हैं। सर्विस कंट्रोल बोर्ड 14 स्वर्ण और 7 रजत पदक के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है।
 
 
कर्नाटक 13 स्वर्ण और 5 रजत पदक के साथ एक रैंकिग की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। महाराष्ट्र ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 11 स्वर्ण और 18 रजत के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, उत्तराखंड एक स्वर्ण और 7 रजत के साथ अंक तालिका में खिसकर 18 पाएदान पर पहुंच गया है।
 
38वें राष्ट्रीय खेलों के पांचवें दिन खो-खो प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने अपना दबदबा कायम रखते हुए पुरुष और महिला दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पुरुष वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र ने ओडिशा को 32-26 के स्कोर से हराया, वहीं महिला वर्ग में भी महाराष्ट्र ने ओडिशा को 31-28 से मात दी।
 
वहीं, पुरुषों की कांस्य पदक प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल और केरल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने एक ही समय पर खेल समाप्त किया, जिसके चलते मुकाबला सडन डेथ में गया और दोनों टीमों को संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्रदान किया गया। 
 
अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय योगासन की विभिन्न प्रतियोगिताएं कल भी जारी रही। इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों के 171 प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश की प्रतिभागी आर्यांशी ने कहा कि उन्होंने तमिलनाडु में पिछले राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता था इस बार भी वे फाइनल के लिए चयनित हुई हैं।
 
पिथौरागढ़ के हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज में राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत बॉक्सिंग प्रतियोगिताएं खेली जा रही है। पिथौरागढ़ से हमारे सहयोगी ने बताया कि महिला और पुरुष वर्ग में कुल मिलाकर दूसरे दिन 27 मुकाबले खेले गए।