जनवरी 12, 2025 8:19 अपराह्न

printer

38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर प्रदेश भर में जबरदस्त उत्साह, रुद्रप्रयाग जिले में पहुंची मशाल तेजस्वनी का खेल प्रेमियों ने किया स्वागत

38वें राष्ट्रीय खेलों को लेकर प्रदेश भर में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। जिसके लिए मशाल तेजस्वनी पूरे प्रदेश में भ्रमण कर खेल प्रेमियों में उत्साह व उमंग जगा रही है। रुद्रप्रयाग जिले में पहुंची मशाल तेजस्वनी का दूसरे दिन भी बडे उत्साह के साथ खेल प्रेमियों ने स्वागत किया।

इस बीच टिहरी में खेल प्रचार रथ के पहुंचने पर स्थानीय लोग उत्साहित नजर आए। इस रथ के माध्यम से विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं,  प्रशिक्षकों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों को खेलों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। राजकीय इंटर कॉलेज घड़ियाल धार के व्यायाम अध्यापक गोपेश्वर प्रसाद अंथवाल ने बताया कि रथ के माध्यम से राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का प्रचार किया जा रहा है।

राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर खेलों के विशेष सचिव अमित सिन्हा ने बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं दी जाएंगी।