बारिश और ठंड के बीच 38वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल तेजस्विनी और शुभंकर मौली का टिहरी जिले के नरेंद्र नगर पहुंचने पर जबरदस्त स्वागत हुआ। स्थानीय लोगों, स्कूली छात्र-छात्राओं और खेल प्रेमियों ने नारों की गूंज के साथ इस ऐतिहासिक पल को खास बना दिया। शोभन सिंह नेगी सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय खेलों के प्रति उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियन मनस्वी पटवाल और मशाल वाहक राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी अभिजीत भट्ट ने नेतृत्व किया। इस दौरान पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी और गणमान्य नागरिकों ने उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिलने को गौरवशाली क्षण बताया। 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत टिहरी जिले में जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जो प्रदेश के पर्यटन और खेल संस्कृति को बढ़ावा देंगी। मशाल आज उत्तरकाशी के लिए प्रस्थान करेगी।
Site Admin | जनवरी 17, 2025 1:08 अपराह्न
38वें राष्ट्रीय खेलों की मशाल तेजस्विनी और शुभंकर मौली का स्वागत