तेलंगाना राज्य सरकार ने तेलंगाना राइजिंग वैश्विक शिखर सम्मेलन के पहले दिन लगभग दो करोड़ 43 लाख रूपए की निवेश वचनबद्धता के 35 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। राज्य सरकार ने एक विज्ञप्ति में घोषणा की कि तेलंगाना राइजिंग वैश्विक शिखर सम्मेलन के पहले दिन इन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर के समय मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और डीप टेक, हरित ऊर्जा और एयरो स्पेस सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू उपस्थित थे।
राज्य के अधिकारियों ने बताया कि ब्रूक फील्ड/एक्सिस वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड संघ के साथ डीप टेक और डिजिटल बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 75 हजार करोड़ रूपए की निवेश वचनबद्धता प्राप्त हुई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस कोष को भारत फ्यूचर सिटी के विकास को समर्पित किया जाएगा।
नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विन ग्रुप ने अगली पीढ़ी के नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन, उन्नत ईवी अवसंरचना और स्मार्ट शहरी नियोजन को कवर करने वाली एकीकृत परियोजनाओं के लिए 27 हजार करोड़ रुपये के निवेश को औपचारिक रूप दिया। सिडबी स्टार्टअप फंड ऑफ फंड्स ने स्थानीय उद्यमों के लिए महत्वपूर्ण प्रारंभिक पूंजी के एक हजार करोड़ रुपये के निवेश की पुष्टि की।
नवीकरणीय ऊर्जा पारगमन और विद्युत सुरक्षा क्षेत्र में लगभग 40 हजार करोड़ रूपए के समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। 31 हजार पांच सौ करोड़ रूपए की वचनबद्धता के साथ एकमात्र सबसे बड़ा ऊर्जा समझौता एवरेन और एक्सिस एनर्जी के साथ हुआ। सौर ऊर्जा संयंत्र, ग्रिड स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण पंपयुक्त भंडारण प्रणालियाँ, और उन्नत इलेक्ट्रिक वाहन परियोजनाएं से संबंधित अन्य निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। एयरोस्पेस, रक्षा और लॉजिस्टिक क्षेत्र में 19 हजार करोड़ रूपए से अधिक के समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इलैक्ट्रॉनिक क्षेत्र में विभिन्न कंपनियों के साथ लगभग सात हजार करोड़ रूपए के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।