इराक में किरकुक के पास हुए हवाई हमलों में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज -पीएमएफ के तीन सदस्य और इराक पुलिस के दो अधिकारी मारे गए हैं। अमरीका और इजरायल के बीच ईरान को लेकर जारी टकराव से जुड़े तनाव सीमा पार तक फैल चूका हैं। पीएमएफ ने इस हमले के लिए अमरीका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है। वाशिंगटन या तेल अवीव की ओर से तत्काल कोई पुष्टि नहीं की गई है। सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि किरकुक से लगभग 105 मील उत्तर-पश्चिम में स्थित मोसुल में पीएमएफ के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए एक अन्य हमले में दो इराकी पुलिसकर्मी मारे गए।
बगदाद में, अमरीका के दूतावास ने एक नया सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। इसमें चेतावनी दी गई है कि ईरान समर्थित मिलिशिया समूह 24 से 48 घंटों के भीतर मध्य क्षेत्रों में हमले कर सकते हैं। दूतावास ने कहा कि ईरान समर्थित मिलिशिया समूह हमले कर सकते हैं, और संभावित लक्ष्यों के रूप में अमरीकियों, राजनयिक स्थलों, होटलों, हवाई अड्डों, ऊर्जा अवसंरचना और नागरिक क्षेत्रों की सूची दी। दूतावास ने चौथे स्तर की “यात्रा न करें” परामर्श के अंतर्गत अमरीकी नागरिकों से तुरंत इराक छोड़ने का आग्रह किया। इराकी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण, जॉर्डन, कुवैत, सऊदी अरब और तुर्की के लिए जमीनी मार्ग ही एकमात्र निकास मार्ग हैं, हालांकि सीमा चौकियों पर देरी होने की आशंका है। दूतावास निर्धारित प्रस्थान स्थिति के तहत खुला है, लेकिन अमेरिकियों को सुरक्षा के लिए इसके परिसर से दूर रहने की सलाह दी गई है।